दुर्गेश राजपूत नर्मदापुरम। नर्मदापुरम/ मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में एक महिला से 3.91 लाख रुपए की इंटरनेशनल साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यूनाइटेड किंगडम (UK) से महंगे गिफ्ट और पैसे भेजने का झांसा देकर जालसाजों ने कस्टम और टैक्स क्लियरेंस के नाम पर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया। ठगी की शिकार महिला बुधनी स्थित ट्राइडेंट कंपनी की कर्मचारी है। शिकायत के बाद देहात थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​पुलिस के अनुसार करीब एक महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए महिला की दोस्ती ‘समीर अली’ नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को ब्रिस्टल (यूके) का निवासी बताया था। बातचीत के दौरान समीर ने महिला से कहा कि वह भारत आने वाला है और तब तक के लिए कुछ महंगे गिफ्ट और पैसे पार्सल से भेज रहा है। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि भारत आकर वह अपना सामान वापस ले लेगा, लेकिन तब तक लगने वाले ट्रांसपोर्ट और टैक्स का भुगतान महिला खुद कर दे। ​इसके बाद महिला के पास एक कथित इनकम टैक्स अधिकारी का फोन आया। 

उसने पार्सल रिलीज करने के एवज में ट्रांसपोर्ट, एनओसी और एनपीआर के नाम पर पैसों की मांग की। ठगों के झांसे में आकर पीड़िता ने 2 से 7 जून के बीच अलग-अलग क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी पर कुल 3 लाख 91 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। ​लाखों रुपए भेजने के बाद भी जब पार्सल नहीं मिला, तो महिला ने एक एमपी ऑनलाइन संचालक से संपर्क कर पूरी बात बताई। दुकानदार ने तुरंत स्पष्ट किया कि यह साइबर फ्रॉड है। होश में आते ही पीड़िता ने नर्मदापुरम साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की तफ्तीश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m