यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में एक महिला की हत्या के बाद ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर दिया। 56 वर्षीय पुष्पा रानी घर में अकेली थीं। देर रात उनका बेटा ड्यूटी से घर लौटा तो मेन गेट खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। इसी दौरान बहन का फोन आया। उसने फोन उठाते ही मां से बात करने के लिए कहा- ‘हैलो मम्मी…’, लेकिन जवाब में भाई की रोती हुई आवाज सुनाई दी- ‘मां को किसी ने मार दिया।’
वारदात यमुनानगर की खड्डा कॉलोनी (शिव नगर) में हुई। पुष्पा रानी अपने छोटे बेटे दीपक के साथ रहती थीं। उनके पति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ा बेटा पवन पत्नी और बच्चों के साथ पास के ही मकान में रहता है।
ड्यूटी से घर लौटा तो खुला मिला मेन गेट
दीपक एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। गुरुवार रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा। घर का मेन गेट खुला देखकर उसे कुछ संदेह हुआ, क्योंकि आमतौर पर गेट बंद रहता था। वह अंदर कमरे में पहुंचा तो मां जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं।
दीपक ने मां को उठाने और हिलाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
बहन मां से बात करना चाहती थी
मृतका की बेटी पूजा ने बताया कि वह अपनी मां से फोन पर बात करना चाहती थी। उसने भाई दीपक को फोन कर कहा था कि घर पहुंचने के बाद मां से उसकी बात करवा देना।
रात में दीपक का फोन आया तो पूजा ने कॉल रिसीव करते ही कहा- ‘हां मम्मी बोलो।’ लेकिन फोन के दूसरी तरफ मां की आवाज नहीं थी। भाई की रोती हुई आवाज सुनकर वह घबरा गई। दीपक ने बताया कि उनकी मां को किसी ने मार दिया है।
पूजा का कहना है कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में घर के अंदर मां की हत्या की खबर ने परिवार को सदमे में डाल दिया।
सिर पर भारी चीज से वार, लूट का भी शक
सूचना मिलते ही पुलिस की CIA टीम मौके पर पहुंची। SP कमलदीप गोयल और DSP रजत गुलिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया। पुलिस को आशंका है कि लूटपाट के दौरान महिला की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, हत्या की असली वजह और आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। मृतका के छोटे बेटे दीपक समेत परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
ASI सुरजीत सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के लिए उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ, वारदात का मकसद क्या था और क्या हत्या वास्तव में लूटपाट के दौरान की गई। फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


