पंकज श्रीवास्तव/सारण। जिले के तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार रात बाइक सवार अपराधियों ने घर के बरामदे में बैठी एक महिला को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए पहले तरैया रेफरल अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना भेज दिया। छपरा से पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान तरैया गांव निवासी स्वर्गीय अवधेश सिंह की 55 वर्षीय पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है।
बरामदे में बैठी थी महिला
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात नीलम देवी अपने घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को निशाना बनाकर गोली चलाई और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। नीलम देवी खून से लथपथ हालत में मिलीं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल तरैया रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। छपरा में उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने पटना ले जाने की सलाह दी। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलने के बाद तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है। तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की स्थिति स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार की ओर से तरैया के रामबाग में होटल भी चलाया जाता है। महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घर के पास महिला को गोली मारे जाने की घटना से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



