हिसार। हरियाणा के हिसार में सदर थाना पुलिस ने गांव खरड़ के खेतों में मिली महिला की लाश के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान हांसी के प्रेम नगर निवासी हरपाल के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मरने वाली महिला और आरोपी हरपाल आपस में पड़ोसी थे और दोनों के बीच पहले से अच्छी जान-पहचान थी।
चार लाख रुपए वापस न करने पड़े इसलिए रची खौफनाक साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी हरपाल ने हत्या की जो वजह बताई उसे सुनकर हर कोई हैरान है। आरोपी ने खुलासा किया कि मृतका ने कुछ समय पहले अपना एक प्लॉट बेचा था। प्लॉट बेचने से मिले पैसों में से उसने करीब चार लाख रुपए हरपाल को उधार दिए थे। महिला पिछले काफी समय से अपने पैसे वापस मांग रही थी, जिससे हरपाल बहुत परेशान चल रहा था। उधार लिए पैसे लौटाने से बचने के लिए उसने महिला को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार किया।
चाय पिलाने के बहाने ई-रिक्शा में ले गया और कर दी हत्या
पूरी प्लानिंग के तहत घटना वाली रात आरोपी हरपाल महिला को बहला-फुसलाकर अपने ई-रिक्शा में बैठाकर साथ ले गया। रास्ते में दोनों ने एक जगह रुककर आराम से चाय पी। इसके बाद आरोपी महिला को लेकर गांव खरड़ की तरफ बने सुनसान खेतों की ओर चला गया। वहां मौका पाकर हरपाल ने बेरहमी से महिला का गला घोंट दिया और जब उसकी जान निकल गई तो शव को वहीं छोड़कर मौके से भाग निकला।
सीसीटीवी फुटेज और सड़क पर टायरों के निशान से खुला राज
हिसार सदर थाने के सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने बताया कि बीती 15 जून को पुलिस को गांव खरड़ के खेतों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स यानी क्राइम सीन से सबूत जुटाने वाले विशेषज्ञों ने मौके पर जाकर जांच की। शुरुआत में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मृतका की पहचान हांसी की पासो देवी के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर बने टायरों के निशानों की जांच की और वहां से गुजरने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने के बाद पुलिस को हरपाल पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी हरपाल को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि मामले की और गहराई से जांच हो सके।

