कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। महिला एवं बाल विकास विभाग की एक सुपरवाइजर पिछले 17 दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। महिला एक जुलाई की सुबह घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पति ने अपहरण और बंधक बनाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिंड जिले के अटेर में सुपरवाइजर
दरअसल ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित न्यू साकेत नगर निवासी अरुण कुमार दिनकर ने पुलिस को बताया कि उनकी 46 वर्षीय पत्नी प्रभा दिनकर भिंड जिले के अटेर स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ हैं। एक जुलाई की सुबह करीब 6 बजे वह बिना कुछ बताए घर से निकली थीं, लेकिन न तो घर लौटीं और न ही अपने कार्यालय पहुंचीं, परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पति ने आशंका जताई कि किसी ने प्रभा दिनकर का अपहरण कर उन्हें बंधक बना लिया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है
या उनके साथ किसी साजिश को अंजाम दिया गया है। शिकायत के आधार पर पड़ाव थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें महिला अकेले जाती हुई दिखाई दे रही हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही महिला का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

