अनूप दुबे, कटनी। जिले की ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्व सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत पेंशन मिलने से समूह की महिलाओं में खुशी का माहौल है। ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत सभागार में योजना को लेकर 18 से 40 वर्ष तक की महिलाओं के पंजीयन का कार्य किया गया एनआरएलएम की ब्लॉक प्रबंधक जया कोष्ठी ने बताया कि 60 वर्ष पूर्ण करने पर महिलाओं को 3 हजार की पेंशन उपलब्ध होगी।
जनपद पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2017 से तकरीबन 2204 स्व सहायता समूहों का गठन किया गया है। जिसमें तकरीबन 30 हजार महिलाए जुड़ी हैं और तकरीबन 10 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिलने की आशंका है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाएं बैंक ऋण लेकर छोटे-मोटे व्यापारों के साथ मुर्गी पालन गणवेश वितरण नल जल योजना का संचालन राशन वितरण जैविक खेती वाटरशेड योजना के तहत 94 भैंसों का वितरण सिलाई आदि कार्यों से जुड़कर घर बैठे मुनाफा कमा रही हैं।
स्व सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि सपने में नहीं सोचा था कि हम लोगों को पेंशन भी मिलेगी प्रधानमंत्री। श्रम योगी मानधन योजना के तहत 60 साल की उम्र में तीन हजार पेंशन प्रति माह मिलने की खबर से सभी महिलाओं में खुशी की लहर है। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है।
आदिवासी ग्राम कोठी की महिलाएं भी पंजीयन कराने आई थी लेकिन उम्र ज्यादा होने के कारण पंजीयन नहीं हुए और निराश महिलाएं जनपद कार्यालय के बाहर आकर पेड़ के नीचे बैठ गई। महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से स्व सहायता समूह से जुड़ी समस्त महिलाओं को पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। महिलाओं की मांग है कि महिलाओं के लिए उम्र का प्रतिबंध ना किया जाए।

