Women’s Asia Cup 2026: वुमेंस एशिया कप 2026 में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान ने अंतिम-4 में जगह बना ली है। पाकिस्तान ने सोमवार रात हांगकांग को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। भारत के खिलाफ बड़ी हार के बाद पाकिस्तान के लिए आगे बढ़ना मुश्किल माना जा रहा था, लेकिन आखिरी मैच में जीत ने उसे ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।

अब चौथी टीम का फैसला आज बांग्लादेश और UAE के बीच होने वाले मुकाबले से होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच वर्चुअल क्वार्टर फाइनल जैसा है। जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

सबसे पहले सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम

टूर्नामेंट में सबसे पहले भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की की थी। भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबले जीते। टीम ने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रन से हराया। इसके बाद पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी और हांगकांग के खिलाफ 137 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

ग्रुप बी से श्रीलंका ने भी अपने तीनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। श्रीलंका ने UAE, इंडोनेशिया और बांग्लादेश को हराया।

बांग्लादेश-UAE मैच पर नजर

ग्रुप बी की चौथी टीम का फैसला अब बांग्लादेश और UAE के मैच से होगा। दोनों टीमें श्रीलंका के खिलाफ हार चुकी हैं, जबकि इंडोनेशिया को हरा चुकी हैं। ऐसे में दोनों के बीच होने वाला मुकाबला बेहद अहम हो गया है। इस मैच की विजेता टीम 10 सितंबर को पहले सेमीफाइनल में भारत से भिड़ेगी।

11 सितंबर को खेला जाएगा पहला सेमीफाइनल

पाकिस्तान ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा है, जबकि श्रीलंका ग्रुप बी में टॉप पर रहा। दोनों के बीच 11 सितंबर को दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा।

पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं रहा। भारत के खिलाफ हार के बाद टीम की स्थिति कमजोर हो गई थी, लेकिन हांगकांग के खिलाफ जीत ने समीकरण बदल दिए।

भारत और श्रीलंका अब तक अजेय

एशिया कप में भारत और श्रीलंका दोनों ने अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है। भारतीय टीम ने तीनों ग्रुप मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। श्रीलंका भी अपने तीनों मुकाबले जीत चुका है। वहीं, थाईलैंड, हांगकांग और इंडोनेशिया टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। अब सभी की नजरें बांग्लादेश और UAE के मुकाबले पर हैं, जो सेमीफाइनल की आखिरी टीम तय करेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें