India vs Japan T20I: क्रिकेट के मैदान पर एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत और जापान की टीमें पहली बार किसी इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस ऐतिहासिक T20I के लिए जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान केंडल फ्लेमिंग को सौंपी गई है।

भारत और जापान के बीच यह मुकाबला 22 सितंबर 2026 को जापान के तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। यह मैच सुजुकी कप का हिस्सा है। दोनों देशों के बीच होने वाला यह मुकाबला क्रिकेट के लिहाज से तो खास है ही, साथ ही भारत-जापान के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत से भी जुड़ा है।

इस आयोजन का मकसद दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को मजबूत करना और क्रिकेट के जरिए आपसी संपर्क को बढ़ावा देना है। जापान में क्रिकेट को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर इस खेल की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए भी इस मुकाबले को अहम माना जा रहा है। भारत जैसी मजबूत टीम का जापान में खेलना घरेलू क्रिकेट के लिए बड़ा मौका होगा।

मुकाबले की घोषणा के बाद जापान क्रिकेट एसोसिएशन के CEO नाओकी मियाजी ने इसे जापानी क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया था। उन्होंने कहा था कि मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत को जापान में खेलने के लिए आमंत्रित करना उनके संघ के लिए बेहद खास मौका है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों का जापान में स्वागत करने के साथ स्थानीय लोगों से भी अपनी टीम का समर्थन करने की अपील की थी।

जापान का पूरा स्क्वाड

भारत के खिलाफ इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए जापान ने केंडल फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिन्जे, बेंजामिन गो इटो डेविस, कोहेई कुबोटा, वाटारू मियाउची, रियो सकुरानो, डेक्लान सुजुकी, शोमा स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई, लैचलान लेक, माकोटो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुडा और एलेस्टर फ्लेमिंग को टीम में शामिल किया है।

केंडल फ्लेमिंग के नेतृत्व में उतरने वाली जापानी टीम के लिए यह मुकाबला कई मायनों में खास होगा। फ्लेमिंग को एशियन गेम्स 2026 में भी जापान की कप्तानी करनी है। वहीं, भारत के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला जापानी क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा मंच देगा। पहली बार दोनों टीमों के आमने-सामने होने के कारण इस मैच पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें भी टिकी रहेंगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें