पंचकूला। जिला ग्रिवेंस कमेटी की बैठक में हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एक शिकायत पर सुनवाई करते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया। मंत्री ने महिला थाना की SHO रजेश कुमारी और ASI कविता को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट भी तलब की गई है।
बैठक में सेक्टर-15 निवासी एक महिला ने दहेज प्रताड़ना के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। शिकायतकर्ता का आरोप था कि मामले की जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। सुनवाई के दौरान मंत्री ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया और प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर कड़ी नाराजगी जताई।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ करने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कुछ विभागीय अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए। मंत्री के इस एक्शन के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की नजरें मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


