संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सरकारी आवासीय विद्यालय में करोड़ों रुपये के मेस घोटाले का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW ने 1 करोड़ 55 लाख रुपये से ज्यादा की हेराफेरी मामले में 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड गौरव शर्मा बताया जा रहा है। जिसने असली कंपनी के नाम से मिलती-जुलती फर्जी फर्म बनाकर सरकारी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवाई।

यह पूरा मामला भोपाल के मुगालिया छाप में स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय है। जहां बच्चों के लिए चलाए जा रहे मेस संचालन में करोड़ों रुपये का गबन सामने आया है। शिकायतकर्ता सौरभ गुप्ता की शिकायत पर EOW ने जांच शुरू की थी। जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2021 में प्रदेश के चार श्रमोदय विद्यालयों के मेस संचालन का ठेका “कनका फूड मैनेजमेंट सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी को दिया गया था, लेकिन वर्ष 2023 में कंपनी में सुपरवाइजर रहे गौरव शर्मा ने बड़ा खेल रचा।

ये भी पढ़ें: ‘G 2 मॉल’ के अवैध निर्माण पर नगर निगम सख्त, आयुक्त ने थमाया 10 दिन का अल्टीमेटम, जांच शुरू

गौरव शर्मा ने “प्राइवेट लिमिटेड” शब्द हटाकर “कनका फूड मैनेजमेंट सर्विसेस” नाम से फर्जी फर्म तैयार कराई और अपने परिचित हर्ष मरजानी के नाम से बैंक खाता खुलवाया। इसके बाद फर्जी लेटरहेड के जरिए स्कूल प्रशासन को कंपनी का बैंक खाता बदलने की जानकारी दी गई। करोड़ों रुपये असली कंपनी की बजाय फर्जी फर्म के खाते में ट्रांसफर होते रहे। EOW जांच में यह भी सामने आया कि तत्कालीन अकाउंटेंट लीना विश्वकर्मा ने बिना सक्षम अनुमति बैंक खाता बदला और जानबूझकर चेक से “प्राइवेट लिमिटेड” शब्द हटाकर भुगतान फर्जी फर्म को किया।

जांच एजेंसी के मुताबिक, स्कूल के तीन तत्कालीन प्राचार्य विजय सिंह महोबिया, संतोष सिंह सिसोदिया और वीरेंद्र दुबे ने भी इन फर्जी चेकों पर हस्ताक्षर किए और पूरे फर्जीवाड़े में मिलीभगत की। फिलहाल EOW ने गौरव शर्मा, हर्ष मरजानी, कुलदीप शुक्ला, लीना विश्वकर्मा समेत सात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m