अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में स्टाफ वेलफेयर इंस्पेक्टर (SWI) के पद पर हुई विभागीय प्रमोशन परीक्षा में एक संगठित भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच में सामने आया है कि इस परीक्षा में उम्मीदवारों को पास कराने के लिए एक खास कोचिंग क्लास चलाई जा रही थी। इस कोचिंग में न केवल परीक्षा की तैयारी कराई जाती थी, बल्कि उम्मीदवारों को रिश्वत देने के लिए लोन लेने और विजिलेंस जांच से बचने के तरीके भी सिखाए जाते थे।

अफसर की पत्नी की प्रॉपर्टी में चल रही थी कोचिंग

रेलवे सूत्रों के अनुसार, भ्रष्टाचार का यह पूरा खेल बेहद योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा था। संदिग्ध कोचिंग क्लासेज एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी की पत्नी द्वारा किराए पर ली गई कमर्शियल प्रॉपर्टी से संचालित हो रही थीं। SWI पद पर प्रमोशन पक्का कराने के बदले उम्मीदवारों से 2 लाख रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक की भारी-भरकम रिश्वत ली जा रही थी।

लोन लेकर रिश्वत चुकाने की ट्रेनिंग

सीबीआई जांच में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि रिश्वत की रकम जुटाने के लिए उम्मीदवारों को बाकायदा ट्रेनिंग दी गई थी। उम्मीदवारों को परीक्षा से ठीक पहले एक क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी से लोन लेने की सलाह दी गई थी। आंतरिक जांच के दौरान पाया गया कि परीक्षा की तारीखों के आसपास लोन वितरण में अचानक बड़ा उछाल आया था और कई उम्मीदवारों ने ठीक उसी समय बड़े लोन मंजूर कराए थे।

तकनीकी हेरफेर और सर्वर हैक

16 मार्च 2024 को आयोजित यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा शुरुआत से ही संदिग्ध रही। तय समय से लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुई यह परीक्षा समाप्त होने के बाद भी बंद नहीं की गई और सर्वर दो दिनों से अधिक समय तक एक्टिव रहा। जांच में पता चला कि सर्वर में ‘एनीडेस्क’ जैसे रिमोट-एक्सेस सॉफ्टवेयर इंस्टॉल थे, जिससे बाहर से सिस्टम तक पहुंच बनाई जा सके। बाद में सर्वर के डेटा को फॉर्मेट भी कर दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

विजिलेंस की शिकायत पर सीबीआई की कार्रवाई

100 उम्मीदवारों की इस परीक्षा में चार रेलवे कर्मचारियों ने 87.67% से 90.33% तक असाधारण अंक हासिल किए। विजिलेंस विभाग की शुरुआती जांच में इन चारों उम्मीदवारों के खातों से संदिग्ध नकद निकासी और परीक्षा से ठीक पहले लोन लेने के सबूत मिले। विजिलेंस की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई ने वरिष्ठ अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ, क्लर्कों और प्रमोटेड उम्मीदवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें