Technology Desk : Xiaomi ने चीन में अपनी नई वॉशिंग मशीन लॉन्च की है। इसे Mijia Mini Twin-Tub Washer-Dryer 5kg नाम दिया गया है। इस मशीन की खासियत है कि इसमें दो अलग-अलग ड्रम दिए गए हैं। इससे यूजर्स अलग-अलग तरह के कपड़ों को एक साथ धो सकते हैं, लेकिन कपड़े आपस में मिक्स नहीं होंगे।

कंपनी ने इसकी कीमत 3,499 युआन (करीब 50 हजार रुपये) रखी है। फिलहाल इसे चीन में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध कराया गया है।
दो ड्रम में बांटी गई 5kg क्षमता
इस वॉशिंग मशीन में कुल 5kg की वॉशिंग कैपेसिटी है। इसे दो ड्रम में बांटा गया है और दोनों की क्षमता 2.5-2.5kg है। यानी यूजर्स एक ड्रम में बच्चों के कपड़े और दूसरे में बड़ों के कपड़े धो सकते हैं।
दोनों ड्रम में 1.5kg तक कपड़े सुखाने की सुविधा है। इस तरह मशीन की कुल ड्राइंग कैपेसिटी 3kg हो जाती है। दोनों ड्रम के लिए अलग-अलग पानी और ड्राइंग चैनल दिए गए हैं। इसका फायदा यह है कि एक ड्रम का पानी दूसरे ड्रम में नहीं जाता।
1,200 RPM की स्पिन स्पीड
Xiaomi की इस मशीन में डायरेक्ट-ड्राइव मोटर दी गई है। यह मोटर अधिकतम 1,200 RPM की स्पिन स्पीड देती है। इससे कपड़ों से पानी निकालने में मदद मिलती है।
मशीन में डिटर्जेंट के लिए दो अलग-अलग 150ml ऑटो-डोजिंग डिस्पेंसर भी दिए गए हैं। मशीन कपड़ों की मात्रा के हिसाब से डिटर्जेंट की जरूरत तय करती है। इससे जरूरत से ज्यादा डिटर्जेंट इस्तेमाल होने से बचता है। कंपनी के मुताबिक सामान्य इस्तेमाल में एक पूरा डिस्पेंसर करीब एक महीने तक चल सकता है।
34 वॉश प्रोग्राम
इस वॉशिंग मशीन में कुल 34 अलग-अलग वॉश प्रोग्राम दिए गए हैं। इनमें कॉफी, मिट्टी और मेकअप जैसे दागों के लिए अलग विकल्प शामिल हैं।
छोटे कपड़ों के लिए इसमें 40 मिनट का Quick Wash-and-Dry मोड दिया गया है। वहीं, सिल्क जैसे नाजुक कपड़ों के लिए 40°C लो-टेम्परेचर ड्राइंग मोड भी मिलता है। फिलहाल Xiaomi ने इस वॉशिंग मशीन को चीन में लॉन्च किया है। कंपनी की ओर से भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।



