Automobile Desk – Xiaomi SkyNomad : स्मार्टफोन दुनिया में धूम मचाने के बाद अब टेक दिग्गज शाओमी (Xiaomi) ने ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। कंपनी ने अपने घरेलू बाजार में तकनीक और एडवांस फीचर्स से लैस नई SUV सीरीज ‘Xiaomi SkyNomad’ को आधिकारिक तौर पर पेश कर दिया है। इस नई रेंज के तहत कंपनी ने N70 और N90 नाम से दो अलग-अलग सीरीज उतारी हैं, जिनके अंतर्गत कुल चार अलग-अलग वेरिएंट्स ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे। ये सभी गाड़ियां ‘रेंज एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक व्हीकल’ (EREV) कैटेगरी का हिस्सा हैं, जो लंबी दूरी का सफर करने वालों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं।

कंपनी ने इस लाइनअप में N70 Pro, N70 Max, N90 Max और N90 Max Studio जैसे मॉडल्स बाजार में उतारे हैं। शाओमी स्काईनोमाड की N70 एक 5-सीटर SUV है, जबकि N90 को 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ बड़ी फैमिली को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

परफॉरमेंस और बैटरी सेटअप की बात करें तो N70 Pro में फ्रंट-व्हील ड्राइव दिया गया है। इसमें 52kWh क्षमता का बैटरी पैक मिलता है, जो सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड पर करीब 351 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है। वहीं, जब इसका पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर एक साथ काम करते हैं, तो इसकी कुल कंबाइन्ड रेंज 1351 किलोमीटर तक पहुंच जाती है। इसका दूसरा वेरिएंट N70 Max डुअल मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम से लैस है। इसमें 76kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो इलेक्ट्रिक मोड में 505 किलोमीटर और कंबाइन्ड मोड में 1461 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है। साइज के मामले में N70 की लंबाई 4.96 मीटर, चौड़ाई 1.998 मीटर और व्हीलबेस 2.950 मीटर रखा गया है।

बड़ी SUV पसंद करने वालों के लिए N90 सीरीज सबसे खास है। Xiaomi SkyNomad N90 Max में डुअल मोटर के साथ ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप मिलता है। 76kWh बैटरी पैक के साथ आने वाली यह कार सिर्फ बैटरी पर 464 किलोमीटर चलती है, जबकि पेट्रोल और इलेक्ट्रिक दोनों को मिलाकर इसकी कुल क्लेम्ड रेंज 1705 किलोमीटर तक जाती है। इस दमदार SUV की टॉप स्पीड 190 किलोमीटर प्रति घंटा है। आकार के लिहाज से N90 Max की लंबाई 5.285 मीटर, चौड़ाई 1.998 मीटर और व्हीलबेस 3.080 मीटर है। इसमें बैठने के लिए 2 + 2 + 3 का आरामदायक सीटिंग अरेंजमेंट दिया गया है।

इस लाइनअप का सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला वेरिएंट N90 Max Studio है। इसमें कंपनी ने इलेक्ट्रिक पॉप-अप रूफ मॉड्यूल दिया है, जिससे कार की कुल ऊंचाई बढ़कर 2294 मिमी हो जाती है। इस गाड़ी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी दूसरी रो (Row) में लगी सीटों को महज 30 सेकेंड में बेड में बदला जा सकता है। यह पूरा मैकेनिज्म पूरी तरह से इलेक्ट्रिकली काम करता है। इसके अलावा कार के केबिन में फैक्ट्री-फिटेड अंडरफ्लोर हीटिंग, वुड ग्रेन एल्युमिनियम फ्लोरिंग और एंटरटेनमेंट के लिए 30-इंच की बड़ी प्रोजेक्शन स्क्रीन जैसे लग्जरी फीचर्स दिए गए हैं।