Automobile Desk : टू-व्हीलर ऑटो बाजार में मिडिलवेट एडवेंचर बाइक्स की बढ़ती मांग को देखते हुए यामाहा ने अपनी धाकड़ Tenere सीरीज का विस्तार करने की तैयारी पूरी कर ली है। इटली के मिलान में आयोजित होने वाले ऑटो शो EICMA 2026 से ठीक पहले कंपनी ने अपनी नई ‘Tenere 4 Concept’ मोटरसाइकिल का आधिकारिक तौर पर अनावरण कर दिया है। इस नई एडवेंचर बाइक को टेनेरे पोर्टफोलियो में सबसे शुरुआती यानी एंट्री-लेवल विकल्प के तौर पर पेश किया जा रहा है। ऑटो एक्सपरट्स का मानना है कि यह बाइक सीधे तौर पर KTM की लोकप्रिय एडवेंचर सीरीज को कड़ी चुनौती देगी।
यामाहा ने इस नए कॉन्सेप्ट में 400cc क्षमता वाला नया लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन देने के संकेत दिए हैं। हालांकि जापानी वाहन निर्माता ने अभी तक इस पावरप्लांट के सटीक आंकड़े या आउटपुट डिटेल्स सार्वजनिक नहीं की हैं, लेकिन बाइक के नाम में मौजूद ‘4’ अंक से साफ इशारा मिलता है कि यह 400cc सेगमेंट को टारगेट करेगी। ऑटोमोबाइल्स गलियारे में चर्चा है कि यह नया इंजन कंपनी के पुराने XMAX 400 मैक्सी-स्कूटर वाले 395cc वाले मोटर से बिल्कुल अलग और नए प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।
डिज़ाइन और स्ट्रक्चर के लिहाज से Tenere 4 Concept को पूरी तरह रफ-एंड-टफ ऑफ-रोडिंग और लंबी दूरी की टूरिंग को ध्यान में रखकर गढ़ा गया है। बाइक के फ्रंट प्रोफाइल में एडवेंचर-स्टाइल बीक, एक लंबी विंडस्क्रीन और मजबूत हैंडगार्ड्स दिए गए हैं जो राइडर को हवा के थपेड़ों और पत्थरों से सुरक्षा प्रदान करते हैं। इसके फ्रेम को वजन में हल्का लेकिन मजबूती में सख्त रखा गया है, ताकि कठिन रास्तों पर बाइक का संतुलन और कंट्रोल बेहतरीन बना रहे।

सस्पेंशन और हार्डवेयर के मोर्चे पर भी यह कॉन्सेप्ट काफी दमदार नजर आ रहा है। इसमें आगे और पीछे KYB के हाई-ट्रैवल सस्पेंशन सेटअप दिए गए हैं, जो एडजस्टेबिलिटी फीचर के साथ आ सकते हैं। बाइक में ऑफ-रोड ग्रिप बनाए रखने के लिए आगे 21-इंच और पीछे 18-इंच के स्पोक व्हील्स का इस्तेमाल किया गया है, जिन पर मिचलिन अनाके वाइल्ड (Michelin Anakee Wild) टायर्स चढ़े हुए हैं। इसके अलावा ऊपर की तरफ उठा हुआ अक्रापोविक (Akrapovic) का एग्जॉस्ट और बॉक्सी रियर स्विंगआर्म इसके एग्रेसिव लुक को और बढ़ाते हैं।
सवारी के अनुभव को आरामदायक बनाने के लिए यामाहा ने इसमें फ्लैट फ्यूल टैंक डिज़ाइन के साथ रैली स्टाइल सिंगल सीट और ऊंचा हैंडलबार दिया है। इससे राइडर को लंबी दूरी तय करते वक्त एकदम सीधी और थकान-मुक्त राइडिंग पोजिशन मिलती है। कंपनी ने फिलहाल इस बाइक के प्रोडक्शन मॉडल की लॉन्च टाइमलाइन और संभावित कीमतों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि EICMA के मुख्य इवेंट के दौरान इसके तकनीकी पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।

