परवेज खान ,यमुनानगर। यमुनानगर जिले में अवैध माइनिंग को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। अंबाला डिविजनल कमिश्नर संजीव वर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी प्रीति से बातचीत करने की बात कही है। जिले में अवैध खनन रोकने के लिए 20 स्थानों पर नाके लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद खनिज से भरे ट्रकों के अवैध तरीके से गुजरने के मामले सामने आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हाल ही में लाडवा और इंद्री क्षेत्र में करनाल STF की टीम ने खनिज से लदे ट्रकों की चेकिंग की। इस दौरान माइनिंग विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। जांच के बाद अवैध माइनिंग और ट्रकों की आवाजाही को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि यमुनानगर के बेलगढ़ जोन और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खनिज से भरे ट्रक दूसरे जिलों में सप्लाई किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय अवैध माइनिंग का खेल ज्यादा सक्रिय हो जाता है और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जाती है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब जिले में जगह-जगह नाके लगाए गए हैं, तो फिर खनिज से भरे ट्रक बिना रोक-टोक कैसे निकल रहे हैं। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अंबाला डिविजनल कमिश्नर संजीव वर्मा की सख्ती के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि अवैध माइनिंग पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन जल्द बड़े कदम उठा सकता है। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

