हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत 26 जुलाई को यमुनानगर में 'नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो' जन-जागरूकता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। 10 किलोमीटर की इस दौड़ के लिए अब तक 40 हजार से अधिक लोग अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
यमुनानगर। हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत 26 जुलाई को आयोजित होने वाली ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ जन-जागरूकता दौड़ को लेकर जिले में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 किलोमीटर की इस दौड़ के लिए अब तक 40 हजार से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं।
दौड़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त प्रीति ने पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एएसपी आशीष चौधरी और एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ के साथ रूट और आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि दौड़ के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, सफाई और पार्किंग समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पोर्टल या उपलब्ध कराए गए QR Code के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने जिले के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, सरकारी एवं निजी संस्थानों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों से दौड़ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की जरूरत है और प्रत्येक नागरिक का योगदान नशा मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दौड़ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

