भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह ने अमेरिका के साथ होने वाली कृषि व्यापार नीति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने 15 जुलाई को तहसील मुख्यालयों तक बाइक मार्च निकालने की घोषणा की है।
परवेज खान, यमुनानगर। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह मोहड़ी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि यह ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ हुई, तो देशभर में बड़ा किसान आंदोलन खड़ा किया जाएगा। छछरौली में आयोजित बैठक के दौरान अमरजीत सिंह मोहड़ी ने कहा कि अमेरिका से होने वाली कृषि व्यापार नीति भारतीय किसानों की आजीविका पर सीधा हमला है। उनका आरोप है कि विदेशी कृषि उत्पादों को बढ़ावा मिलने से देश का किसान आर्थिक संकट में फंस जाएगा और उसकी फसलों को उचित दाम मिलना और मुश्किल हो जाएगा।

तहसील मुख्यालय पर बाइक मार्च
उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई को भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के कार्यकर्ता एक बड़ा बाइक मार्च निकालेंगे। यह मार्च सीधे तहसील मुख्यालय तक पहुंचेगा, जहां तहसीलदार, एसडीएम और डीसी के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री के नाम एक मांग पत्र सौंपा जाएगा। किसानों की मुख्य मांग होगी कि किसी भी विदेशी ट्रेड डील से पहले देश के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। अमरजीत सिंह मोहड़ी ने चेताया कि यदि सरकार ने किसानों की आवाज़ को नजरअंदाज किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा क्योंकि फसलों के दाम पर विदेशी कंपनियों का नियंत्रण किसान कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

किसान घाट पर जुटेंगे लाखों
उन्होंने बताया कि आगामी 21 जुलाई को दिल्ली स्थित किसान घाट पर लाखों किसानों के एकत्र होने की पूरी तैयारी है, जहां अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। किसान नेताओं का कहना है कि यह केवल एक संगठन की लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के अन्नदाता के भविष्य का सवाल है। उन्होंने सभी किसान संगठनों से एकजुट होकर इस आंदोलन में शामिल होने की जोरदार अपील की है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार किसानों की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और क्या प्रस्तावित ट्रेड डील पर पुनर्विचार किया जाएगा।

