यमुनानगर के रादौर में कारोबारी मित्तल बंधुओं को 2 करोड़ रुपये की धमकी मिली है। मामले में एक लाख के इनामी बदमाश शुभम पंडित का नाम सामने आने पर पुलिस अलर्ट है।

यमुनानगर। जिले के रादौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चर्चित कारोबारी मित्तल बंधु परिवार से कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश शुभम पंडित का नाम सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रादौर के चर्चित कारोबारी मित्तल बंधु परिवार, जो लंबे समय से स्टडी और टूरिज्म वीजा कारोबार से जुड़े हैं, को कथित रूप से धमकी देकर 2 करोड़ रुपये की मांग की गई। मित्तल परिवार का कारोबार यमुनानगर के अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र और अन्य जिलों तक फैला हुआ है, जहां वे राइट डायरेक्शन नाम से व्यवसाय संचालित करते हैं।

रादौर थाना प्रभारी राजेश राणा ने रंगदारी की धमकी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से परिवार के सदस्य यहां मौजूद नहीं हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनकी कोठी के बाहर पुलिस गार्ड तैनात किया गया है। साथ ही शुभम पंडित और उससे जुड़े नेटवर्क की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शुभम पंडित का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वह 26 दिसंबर 2024 को पुलिस चौकी खेड़ी लक्खा सिंह के पास हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर मामले में भी वांछित बताया जा रहा है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।