यमुनानगर। शहर की वीर नगर कॉलोनी में बुधवार शाम मंदिर जा रही महिला के गले से मास्क पहने युवक ने सोने की चेन झपट ली। आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ मौके से फरार हो गया। महिला ने झपटमारी के दौरान आरोपी का मास्क खींच लिया था। इससे उसने उसका चेहरा देख लिया। महिला का कहना है कि आरोपी सामने आने पर वह उसे पहचान सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के बयान पर दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

पीछे से आंटी कहकर बुलाया

वीर नगर निवासी नीलम ने पुलिस को बताया कि वह गृहिणी है। बुधवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी पड़ोसन शिवानी शर्मा के साथ घर के पास स्थित शिव मंदिर जा रही थी।

नीलम के मुताबिक, रास्ते में पीछे से आए एक युवक ने उसे ‘आंटी’ कहकर आवाज लगाई। जैसे ही उसने पीछे मुड़कर देखा, युवक ने उसके गले पर झपटा मारा और सोने की चेन छीन ली।

महिला ने बताया कि इसी दौरान उसने आरोपी का मास्क खींच लिया। इससे उसका चेहरा उसने देख लिया। नीलम के अनुसार, आरोपी सामने आने पर वह उसे पहचान सकती है।

बाइक लेकर खड़ा था साथी

चेन छीनने के बाद आरोपी भागकर कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़े अपने साथी के पास पहुंचा। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसके गले से छीनी गई सोने की चेन करीब 2 से 2.5 तोले की थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सेक्टर-17 थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। उसकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m