यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में मंगलवार शाम एक डेयरी के भीतर जेठ ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर उसके ही बैग से हमला कर दिया। बैग के अंदर कांच की बोतल और टिफिन मौजूद होने की वजह से महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़िता अपने बेटे के लिए सामान खरीदने निकली थी, तभी पीछा कर रहे जेठ ने डेयरी के अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

कार से पीछा किया, डरकर डेयरी में घुसी महिला

पीड़िता प्रियंका भल्ला के अनुसार, मंगलवार शाम वह अपने बेटे के लिए खरीदारी करने जा रही थी। इसी दौरान उसके जेठ सचिन भल्ला और जेठानी कार से उसका पीछा करने लगे। पीछा किए जाने से घबराकर प्रियंका सामान खरीदने के लिए एक डेयरी के अंदर चली गई। इस दौरान जेठानी बाहर गाड़ी में ही बैठी रही, जबकि जेठ सचिन डेयरी के अंदर दाखिल हो गया।

काउंटर पर रखे बैग से ही सिर पर किया वार

डेयरी के भीतर पहुंचते ही सचिन ने प्रियंका से जमकर गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रियंका ने अपना बैग डेयरी के काउंटर पर रखा हुआ था। आरोप है कि सचिन ने काउंटर से वही बैग उठाया और प्रियंका के सिर पर दे मारा। एक ही वार में प्रियंका नीचे गिर गई। इसके बाद भी आरोपी जेठ वहीं खड़ा होकर गालियां देता रहा।

दुकानदार ने बाहर निकाला, दोबारा आकर दी धमकी

घटना के दौरान डेयरी संचालक (शॉपकीपर) ने आरोपी को रोकने की कोशिश की और उसे डेयरी से बाहर निकाल दिया। पीड़िता जैसे ही थोड़ा संभली, जेठ सचिन दोबारा डेयरी के अंदर आ गया। दुकानदार ने उसे फिर से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वह धमकी देते हुए वहां से चला गया। इस हमले में प्रियंका के सिर के अलावा कोहनी और बैक के नीचे चोट आई है, वहीं उसका मोबाइल भी टूट गया।

‘शादी के बाद मुंह पर डाला गर्म दूध और तेल’

पीड़िता प्रियंका का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने उसे काफी परेशान किया। प्रताड़ना के दौरान उसके मुंह पर गर्म दूध और तेल तक डाला गया था। ससुराल वालों के इस व्यवहार से तंग आकर वह अपने मायके में रहने लगी। पीड़िता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कोर्ट में केस भी दर्ज कराया हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m