यमुनानगर। गरीब महिला को मकान बनवाने में मदद मिलने की उम्मीद थी। फेसबुक पर एक ऐसा पेज मिला, जिसने उसकी उम्मीद बढ़ा दी। पेज के जरिए संपर्क हुआ तो दूसरी तरफ से मदद का भरोसा भी दिया गया। लेकिन कुछ ही दिनों में महिला और उसके पति के 7 लाख 72 हजार रुपये ठगों के पास पहुंच गए। जब मदद मिलने के बजाय संपर्क टूट गया, तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला।

मामला यमुनानगर के अमादलपुर गांव की मोमिना से जुड़ा है। आरोप है कि साइबर ठगों ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलपति के नाम का इस्तेमाल कर उनसे रकम ऐंठ ली। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, मोमिना ने फेसबुक पर ‘सीएम विजय थलपति फाउंडेशन’ के नाम से एक पेज देखा था। इस पेज पर जरूरतमंद लोगों की मदद करने का दावा किया गया था। साथ ही संपर्क करने के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था।

मोमिना ने उस नंबर पर बातचीत शुरू की। इसके बाद उनके WhatsApp (वॉट्सऐप) पर संदेश आने लगे। आरोप है कि दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री विजय थलपति बताया और जरूरतमंदों की सहायता करने की बात कही।

मोमिना ने अपनी आर्थिक स्थिति बताते हुए कहा कि उनके पास मकान नहीं है और उन्हें घर बनवाने के लिए मदद चाहिए। इस पर आरोपी ने उन्हें सहायता दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही कहा कि मकान बनवाने के लिए कुछ रकम उन्हें खुद भी जमा करानी होगी।

मकान की रजिस्ट्री के नाम पर जमा कराए रुपये

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने मकान की रजिस्ट्री और अन्य खर्चों का हवाला देकर रुपये जमा कराने को कहा। उसकी बातों पर भरोसा करके मोमिना और उनके पति रकम देने के लिए तैयार हो गए।

इसके बाद 12 से 22 अगस्त के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7 लाख 72 हजार रुपये जमा करा दिए गए। इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद जब मदद नहीं मिली तो परिवार ने संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन दूसरी तरफ से जवाब मिलना बंद हो गया। बाद में मोमिना और उनके पति ने परिचितों से बातचीत की। तब उन्हें ठगी का शक हुआ और पुलिस से शिकायत की गई।

फर्जी पेज और लिंक से सावधान रहने की अपील

साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने महिला के साथ साइबर ठगी होने की पुष्टि की है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय के नाम पर इस तरह के लिंक भी सामने आ रहे हैं। किसी भी अनजान लिंक को खोलने से बचना चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m