यमुनानगर में इलाज कराने गई महिला के साथ एक डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पति के पहुंचने पर आरोपी डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर फरार हो गया।

यमुनानगर। छछरौली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इलाज के लिए क्लीनिक पहुंची 30 वर्षीय महिला ने एक निजी डॉक्टर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, छछरौली क्षेत्र निवासी महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर इलाके के एक निजी डॉक्टर शमीम के पास इलाज कराने पहुंची थी। आरोप है कि डॉक्टर ने जांच और इलाज के बहाने महिला को क्लीनिक में रोक लिया। पीड़िता का कहना है कि इंजेक्शन लगाने और दवाई देने का बहाना बनाकर आरोपी डॉक्टर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माना।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब घटना के दौरान महिला का पति मौके पर पहुंच गया। पति को देखते ही आरोपी डॉक्टर कथित तौर पर क्लीनिक छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी।

थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं और आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच जारी है।