यमुनानगर। जिम के बाहर 65 वर्षीय फाइनेंसर हरभजन सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है। पोस्ट में शुभम पंडित और रोहित गोदारा ग्रुप ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इसमें इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का भी जिक्र किया गया है। यमुनानगर पुलिस पोस्ट की जांच कर रही है। पुलिस हरभजन सिंह के पूर्व विधायक से करीबी संबंध होने के एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है।

पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा

इंस्टाग्राम पर शुभम पंडित नाम के अकाउंट से यह पोस्ट शेयर की गई है। इसमें दावा किया गया कि यमुनानगर के मॉडल टाउन में जिम के बाहर हरभजन सिंह की हत्या की जिम्मेदारी शुभम पंडित और रोहित गोदारा ग्रुप ने ली है।

पोस्ट में दावा किया गया कि हरभजन सिंह पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबी बन रहे थे। इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया। पोस्ट में दिलबाग सिंह के करीबियों को भी धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि ऐसे लोगों के नाम एक लिस्ट में हैं।

पोस्ट में यह भी लिखा गया कि जो लोग पूर्व विधायक के साथ रहेंगे या उनके करीब होंगे, उन्हें भी दुश्मन माना जाएगा। पोस्ट के अंत में काला राणा ग्रुप और गोगी मान ग्रुप समेत कई अन्य नाम लिखे गए हैं।

पुलिस ने अभी इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। इसकी जांच की जा रही है।

बेटे ने पूर्व MLA से पारिवारिक संबंध बताए

हरभजन सिंह के बेटे दिलबाग ने पुलिस को दिए बयान में अपने पिता के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के साथ पारिवारिक संबंध होने की बात कही है। उन्होंने आशंका जताई कि जिस गैंग से पूर्व विधायक की दुश्मनी चल रही है, उसी रंजिश के चलते उनके पिता को निशाना बनाया गया।

पूर्व विधायक दिलबाग सिंह इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला के समधि हैं। दिलबाग सिंह की बेटी जैसमीन की शादी रानिया विधायक अर्जुन चौटाला के साथ हुई है।

यमुनानगर SP कमलदीप गोयल ने दैनिक भास्कर को बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह पूर्व विधायक के करीबी थे। इसलिए पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

SP के मुताबिक, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा।

बेटे ने 10 साल पुराने विवाद का भी जिक्र किया

हरभजन सिंह के बेटे दिलबाग सिंह ने पुलिस पूछताछ में एक अन्य विवाद की जानकारी भी दी है। उन्होंने बताया कि शहर के एक बड़े टायर शोरूम के मालिक के साथ उनके परिवार का करीब 10 साल से विवाद चल रहा है।

दिलबाग सिंह के मुताबिक, यह मामला कोर्ट में चल रहा है और शोरूम मालिक जमानत पर बाहर है। उन्होंने यह भी बताया कि शोरूम मालिक की तरफ से उनके परिवार को धमकी मिल चुकी थी।

पुलिस अब मामले में अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। इनमें सोशल मीडिया पोस्ट, पूर्व विधायक से हरभजन सिंह की करीबी और परिवार की ओर से बताए गए पुराने विवाद का एंगल शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m