यमुनानगर में सरकारी अफसर से मारपीट और काम में बाधा डालने के आरोप में थाना छप्पर पुलिस ने दौलतपुर की पूर्व सरपंच पिंकी रानी को गिरफ्तार किया है।
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में करीब छह महीने पहले एक सरकारी बैठक के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दौलतपुर (मालियान) की पूर्व सरपंच पिंकी रानी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर सरकारी अधिकारी से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में पूर्व सरपंच ने भी सरकारी अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मामला 11 दिसंबर 2025 का है, जब गांव ऊंचा चंदना में हरियाणा आजीविका मिशन के तहत ‘नव निर्माण महिला क्लस्टर लेवल भवन निर्माण’ को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में खंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) देवेंद्र राणा प्रस्ताव प्रस्तुत करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
देवेंद्र राणा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पूर्व सरपंच पिंकी रानी ने उनका रास्ता रोका, उनके साथ मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना छप्पर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, पूर्व सरपंच पिंकी रानी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया था। उनका आरोप था कि अधिकारी बिना बुलाए महिला मोर्चा की बैठक में पहुंचे और स्वयं सहायता समूह के पैसों के दुरुपयोग के झूठे आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने जातिसूचक शब्द कहे, गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी।
थाना छप्पर प्रभारी अजय के अनुसार, मामले की जांच पूरी होने के बाद पूर्व सरपंच पिंकी रानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। वहीं, इस प्रकरण में दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच पहले से ही पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा है।

