यमुनानगर। शहर के बीचोंबीच हाईवे किनारे स्थित हनुमान मंदिर में तड़के चोरी की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया। गांधीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित श्री दयाल जी हनुमान मंदिर, सरोजनी कॉलोनी में एक चोर ने दानपेटी तोड़कर करीब 3 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी सुबह करीब 4 बजे मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। मंदिर के अंदर पहुंचने के बाद उसने वहां रखे बॉक्स को तोड़ा और उसमें मौजूद नकदी निकाल ली। इसके बाद आरोपी मंदिर से बाहर निकला और आसपास की गलियों के रास्ते फरार हो गया।

वारदात की जानकारी मंदिर परिसर में मौजूद पुजारी को हुई तो उन्होंने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की। हालांकि, चोर गलियों में तेजी से निकल गया और पकड़ में नहीं आ सका। बाद में मंदिर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी को भागते हुए देखा जा सकता है।

गरीब बेटी की शादी के लिए जुटाई गई थी रकम

मंदिर के पुजारी के मुताबिक, चोरी हुई रकम लोगों के सहयोग से एकत्र की गई थी। इस पैसे का इस्तेमाल एक गरीब लड़की की शादी में किया जाना था। ऐसे में नकदी चोरी होने से मंदिर प्रबंधन और सहयोग करने वाले लोगों के सामने अब बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंचने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मंदिर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जुटानी शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के अनुसार, फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द उसे गिरफ्तार करने की बात कही गई है।

मंदिर हाईवे के किनारे और शहर के व्यस्त हिस्से में स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी मंदिर तक कैसे पहुंचा और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m