यमुनानगर: हरियाणा-हिमाचल सीमा पर मंगलवार शाम बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में यमुना नदी के तेज बहाव के बीच सेना की मोटर बोट अचानक डूब गई। हादसे के बाद नाव में सवार तीन जवान गहरे पानी में चले गए।

हादसे के बाद दो जवानों ने किसी तरह करीब 600 मीटर तक तैरकर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, तीसरा जवान तेज बहाव की चपेट में आने के बाद लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेना ने लापता जवान की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में चुनौती आ रही है। सेना की टीमें नदी के आसपास संभावित स्थानों पर जवान की तलाश कर रही हैं।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद हरियाणा पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

फिलहाल लापता जवान की तलाश जारी है। हादसा बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान कैसे हुआ, इसे लेकर भी सेना और संबंधित एजेंसियां घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m