Yamunanagar Murder Case : हरियाणा के यमुनानगर में दशहरे का मेला देखकर घर लौटे 34 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि झगड़े में साथ नहीं देने की पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घर से निकला युवक, रास्ते में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की शाम की है। यमुनानगर निवासी 34 वर्षीय सरन सिंह दशहरे का मेला देखकर घर लौटा था। कुछ देर बाद वह मसाला लेने की बात कहकर घर से बाहर निकला। इसी दौरान बैंक कॉलोनी, कमलानगर और गोबिंदपुरी के कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई।
झगड़े में साथ न देने की रंजिश में मारपीट
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की वजह एक झगड़े में साथ नहीं देने को लेकर बनी रंजिश बताई जा रही है। कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हुई और आरोपियों ने सरन सिंह को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
अपराध शाखा ने चार आरोपियों को पकड़ा
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच अपराध शाखा-1 को सौंप दी थी। अपराध शाखा प्रभारी राजकुमार के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैंक कॉलोनी निवासी आदित्य, कमलानगर निवासी शिवम उर्फ शिवाय और दीपक कुमार तथा गोबिंदपुरी निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस रिमांड पर आरोपी, बाकी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने गाली-गलौज के बाद मारपीट करने की बात स्वीकार की है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

