यमुनानगर। रादौर क्षेत्र में शुक्रवार को 20 वर्षीय BTech कंप्यूटर साइंस की छात्रा पश्चिमी यमुना नहर में कूद गई। छात्रा कॉलेज की ड्रेस में बैग लेकर नहर के पुल पर पहुंची थी। उसे पानी में बहता देखकर आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह करीब एक किलोमीटर दूर तक चली गई। इसी दौरान स्थानीय युवक ललित ने नहर में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुल पर मिला छात्रा का सामान
नहर में छात्रा के गिरने की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने छात्रा का बैग पुलिस को सौंपा। बैग में मिले कॉलेज आईकार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा का बैग, मोबाइल फोन और आईकार्ड पुल पर ही मिले थे। छात्रा कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के जाटों वाला मोहल्ला की रहने वाली है। वह रादौर के नाचरौन स्थित एक निजी कॉलेज में BTech कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही है।
तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर तक बह गई
छात्रा को बचाने वाले स्थानीय युवक ललित ने बताया कि उन्हें एक युवक ने लड़की के नहर में कूदने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही वह नहर पर पहुंचे। तब तक छात्रा तेज बहाव के कारण पुल से करीब एक किलोमीटर दूर पहुंच चुकी थी।
ललित ने नहर के किनारे-किनारे छात्रा का पीछा किया। नजदीक पहुंचने के बाद उन्होंने नहर में उतरकर काफी मशक्कत से छात्रा को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में सामने आएगा कारण
रादौर थाना प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा को सुरक्षित नहर से बाहर निकाल लिया गया है। उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। छात्रा फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। छात्रा और उसके परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

