यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस और वन्य जीव विभाग की मुस्तैदी से वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। गांधीनगर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद आरोपी अपनी बाइक और बैग मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने जब लावारिस बैग की तलाशी ली, तो उसमें से एक-दो नहीं बल्कि पूरे 32 दुर्लभ और प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए रेंगते हुए मिले।

बैग खोलते ही पुलिस के उड़े होश

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला 2 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे का है। पुलिस टीम इलाके में रूटीन गश्त पर थी, तभी पुलिसकर्मी गुरदीप को एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर पीठ पर भारी बैग टांगे संदिग्ध हालत में जाता दिखाई दिया। जैसे ही पुलिस ने उससे पूछताछ करने का प्रयास किया, आरोपी घबरा गया। वह पुलिस को चकमा देकर अपनी मोटरसाइकिल और बैग वहीं फेंककर रफूचक्कर हो गया। जब पुलिस ने बैग खोला, तो उसमें भारी संख्या में जीवित कछुए भरे हुए थे।

22 इंडियन स्टार और 10 ब्लैक पॉन्ड टर्टल बरामद

तस्करी की सूचना तुरंत वन्य जीव विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही वन्य जीव संरक्षक संजीव कुमार और सुमित कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी 32 कछुओं को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि बरामद किए गए कछुओं में 22 इंडियन स्टार टॉरटोइज़ (Indian Star Tortoise) और 10 ब्लैक पॉन्ड टर्टल (Black Pond Turtle) शामिल हैं। ये दोनों ही प्रजातियां बेहद दुर्लभ हैं और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत पूरी तरह संरक्षित हैं। विभाग के अनुसार, इन कछुओं को जल्द ही उनके अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा।

आरोपी आयुष सैनी पर केस दर्ज, तलाश जारी

पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान आनंद मार्केट, यमुनानगर निवासी आयुष सैनी के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी यमुनानगर में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है।इस मामले की जांच एएसआई (ASI) प्रदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार तस्कर आयुष की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही वन्य जीव विभाग और पुलिस यह पता लगाने में जुटे हैं कि इन दुर्लभ कछुओं की खेप को कहाँ सप्लाई किया जाना था और इस रैकेट के तार किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m