कैथल में योग मैराथन के जरिए स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। पूर्व विधायक लीला राम ने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राकेश कथूरिया, कैथल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन, आयुष और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग मैराथन का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक लीला राम ने सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम से इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि ‘स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और फिट भारत’ के संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम में सैंकड़ों युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर फिटनेस के प्रति अपना उत्साह और प्रतिबद्धता दिखाई।
फिट भारत और नशा मुक्त संकल्प
‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग तथा योग युक्त नशा मुक्त’ विषय पर आधारित यह मैराथन सर छोटू राम इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर विश्वकर्मा चौक, सर छोटू राम चौक और ढांड रोड स्थित सावित्री बाई फुले चौक से होते हुए पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई। पूर्व विधायक लीला राम ने संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव दूर करने और मन को एकाग्र बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों पर जोर दिया और कहा कि इससे अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। युवाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति ही भारत के गौरव को बढ़ाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
योग को जीवन का हिस्सा बनाएं
लीला राम ने समाज में एकता, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों और नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि योग के माध्यम से ही एक स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। मैराथन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे न केवल खुद स्वस्थ रहेंगे, बल्कि अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूक करेंगे। जिला प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

