मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने प्रदेश के विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था में हुए बदलावों का उल्लेख किया.
गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि किसी ने कानून से खिलवाड़ करने की तनिक भी कोशिश की तो उसकी धज्जियां उड़ाने में देर नहीं लगेगी. प्रदेश में लोगों की सुरक्षा पर जो भी संकट पैदा करेगा, उसके लिए जेल और जहन्नुम के रास्ते खुले हुए हैं. प्रदेश माफियामुक्त हो चुका है और कोई फिर सिर उठाएगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा.
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर में नवनिर्मित कल्याण मंडपम सहित गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम की 130.73 करोड़ रुपये की लागत वाली 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में उपद्रव, अराजकता या गुंडागर्दी नहीं है, बल्कि सर्वत्र सुरक्षा का माहौल है.
डकैतों को मौका मिला तो लूटा
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से सुरक्षा के माहौल में हो रहे प्रदेश के विकास का विस्तार से उल्लेख करते हुए कहा कि जिन्हें विकास, रोजगार और उत्सवपूर्ण माहौल पसंद नहीं है, वे अब समाज को जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर बांटने का काम करेंगे. जनता को ऐसे लोगों से सतर्क और सावधान रहना होगा.

उन्होंने बिना किसी का नाम लिए समाज को बांटने वाले लोगों को डकैतों का गिरोह करार दिया. सीएम ने कहा, ‘डकैतों के इस गिरोह को जब भी मौका मिला तो उन्होंने प्रदेश और देश को लूटने का काम किया. उत्सव से पहले उपद्रव करना, दंगे करना, कर्फ्यू लगवाना ही इनकी पहचान थी.’ उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसी भी गरीब, दलित, वंचित का उत्पीड़न या शोषण नहीं होने देगी.
माफिया और इंसेफेलाइटिस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते करीब दस वर्ष में उन्होंने माफिया का सफाया करने के साथ ही मच्छरजनित बीमारी इंसेफेलाइटिस का भी समाधान कर दिया गया. सीएम योगी ने याद दिलाया कि 2017 के पूर्व इंसेफेलाइटिस की त्रासदी के कारण गोरखपुर सहित पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में दहशत का माहौल रहता था.

इंसेफेलाइटिस की बीमारी 1977 से चली आ रही थी, लेकिन इस दौरान दूसरे दलों की सरकारों ने समाधान पर ध्यान नहीं दिया. इंसेफेलाइटिस को लेकर उन सरकारों के कान पर जूं तक नहीं रेंगती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सांसद के रूप में इंसेफेलाइटिस के समाधान के लिए सदन से सड़क तक लड़ाई लड़ी और जब मुख्यमंत्री बने तो समाधान करके दिखा भी दिया.
अच्छी सरकार, अच्छे कार्य
सीएम योगी ने कहा कि जब अच्छी सरकार होती है, तभी अच्छे कार्य आगे बढ़ते हैं. अच्छी सरकार ही युवाओं, बेटियों और महिलाओं के बारे में अच्छा सोचती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है.
उन्होंने कहा कि अगले एक साल में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा. युवाओं के रोजगार के लिए हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग जोन बनाया जा रहा है. यहां स्किल से जॉब की गारंटी दी जाएगी.
गोरखपुर के विकास का जिक्र
लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद हुए गोरखपुर के विकास की चर्चा की. उन्होंने कहा कि पहले यहां न बिजली आती थी और न ही अच्छी सड़कें थीं. मरीजों के लिए इलाज और नौजवानों के लिए नौकरी का अभाव था.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब भरपूर बिजली आ रही है. सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित फोरलेन सड़कों का जाल बिछ चुका है. स्मार्ट सड़कों के साथ ऑटो मोड में ट्रैफिक, स्वच्छता आदि की निगरानी हो रही है. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी सेवा मिल रही है, गोरखपुर में एम्स भी खुल चुका है. खाद कारखाना फिर से चल रहा है. चार विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं.
कल्याण मंडपम का उल्लेख
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बशरतपुर कल्याण मंडपम को सकारात्मक परिवर्तन और जन सुविधा का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि यह कल्याण मंडपम जहां बना है, वह जमीन काफी गहरी थी. अच्छी सोच से हुए कार्य के कारण अब यह शानदार उत्सव और सार्वजनिक आयोजन का माध्यम बनेगी.
उन्होंने कहा कि इस कल्याण मंडपम के लिए उन्होंने ढाई करोड़ रुपये विधायक निधि से दिए हैं, बाकी पैसा जीडीए ने लगाया है.
रविकिशन ने गिनाए फायदे
कल्याण मंडपम और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार सुरक्षा, विकास व रोजगार के साथ सुविधा भी देती है.
पीएम मोदी और सीएम योगी की सोच बिना भेदभाव, समाज के हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजना से लाभान्वित करने की है. रविकिशन ने कहा कि यूपी में तीसरी बार सीएम योगी के नेतृत्व में सरकार बननी तय है.


