लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल (Sardar Vallabhbhai Patel) की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस (National Unity Day) के अवसर पर प्रदेशवासियों से ‘रन फॉर यूनिटी’ (Run for Unity) में सहभागी बनने की अपील की है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकात्मता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है. साथ ही उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की राजनीति का जिक्र करते हुए सामाजिक समरसता और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को लेकर अपनी बात रखी.
योगी ने एक्स पर लिखा ‘जिस राष्ट्रीय एकात्मता के लिए ‘भारत रत्न’ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया, उसे अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का पावन कर्तव्य है. किंतु वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद व परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का कार्य किया और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को कमजोर कर सामाजिक समरसता को आघात पहुंचाया.’
इसे भी पढ़ें : वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर आज से शुरू, जानिए किराया और सुविधाएं; 3,024 रुपये तक होगा टिकट
सीएम ने आगे लिखा ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला. हमने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को सुशासन का आधार बनाकर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ किया तथा श्रद्धेय सरदार पटेल जी की अमूल्य विरासत को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से जोड़ा.’
योगी ने लिखा कि ‘इसी संकल्प को जन-जन की चेतना और आचरण में उतारने का सामूहिक अवसर है- श्रद्धेय सरदार पटेल जी की जयंती एवं ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’. आइए, इस ‘एकता दौड़’ में सहभागी बनें. हमारा हर कदम राष्ट्र की अखंडता के प्रति समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के अटल संकल्प का प्रतीक बने.’

