लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को TechSangam अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के द्वितीय दिवस के उद्घाटन एवं क्वांटम फॉरेंसिक्स और विधिक अनुपालन पर आधारित LEXQ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) शीघ्र निर्णय लेने में हमारे लिए मददगार हो सकता है, लेकिन वह निर्णायक न बने. AI हमारे द्वारा संचालित हो और उसका उपयोग हमारे विवेक पर आधारित हो, न कि हम उसके विवेक पर चलें. यदि हम AI पर निर्भर होकर सब कुछ करने लगेंगे, तो यही तकनीक हमारे लिए संकट का कारण भी बन सकती है.
डिजिटल तकनीक ने हमारी कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. लेकिन डिजिटल क्षेत्र में अनेक संभावनाओं के साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं, जिनमें Deepfake, Cyber Fraud, पहचान की चोरी और डिजिटल साक्ष्यों की विश्वसनीयता जैसे गंभीर विषय शामिल हैं. इन चुनौतियों के समाधान के लिए केवल तकनीक विकसित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित, विश्वसनीय और लोकहितकारी बनाना भी आवश्यक है. इसके लिए हम सब मिलकर कैसे कार्य कर सकते हैं, इस पर विचार करने की आवश्यकता है.
इसे भी पढ़ें : पूर्व IAS दिव्या मित्तल का बड़ा ऐलान, 2027 में चुनाव लड़ेगी ‘जननीति भारत’, बताया राजनीति का नया फॉर्मूला
भारत सरकार द्वारा IndiaAI Mission के माध्यम से स्वदेशी AI क्षमताओं के विकास, कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, इनोवेशन को प्रोत्साहन तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार AI इकोसिस्टम के निर्माण पर बल दिया जा रहा है. National Quantum Mission के माध्यम से क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम कम्युनिकेशन, क्वांटम सेंसिंग और क्वांटम मैटेरियल्स के क्षेत्रों में अनुसंधान को बढ़ावा देने, औद्योगिक क्षमता बढ़ाने और प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि ‘Data is the New Oil’. यह आज की आवश्यकता है. उत्तर प्रदेश को भारत के प्रमुख AI और Data Centre Hub के रूप में विकसित करने की दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. कानून और विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बन सकते हैं.
इसी दिशा में UPSIFS की ‘Law with Lab’ पहल कानून और विज्ञान के बीच समन्वय को संस्थागत स्वरूप देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है. हमारा विजन है कि वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश में 05 गीगावाट Data Centre क्षमता विकसित की जाए. इसके लिए प्रदेश में 05 बड़े Data Centre Clusters का सशक्त नेटवर्क तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. हमारा लक्ष्य है कि Data की शक्ति से उत्तर प्रदेश में Investment, Innovation, Industry और Employment के नए अवसर सृजित हों. UPSIFS में LexQ Centre of Excellence की स्थापना की दिशा में प्रारंभ किए गए प्रयासों को हम मजबूती के साथ आगे बढ़ाएंगे. यह Centre क्वांटम टेक्नोलॉजी को कानून, सुरक्षा, फॉरेंसिक साइंस और लोकहित से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

