सतीश सिंह, लखनऊ. प्रदेश में स्वाइन फ्लू (swine flu) के बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी, मेडिकल कॉलेजों सहित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच निःशुल्क कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि निजी चिकित्सा संस्थान निर्धारित शुल्क से ज्यादा शुल्क न लें. ज्यादा मामलों वाले जिलों में निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत की जाए और गंभीर मरीजों के लिए अलग आईसीयू वार्ड तैयार किए जाएं.
बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की उपस्थिति में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने एच1एन1 की रोकथाम व उपचार के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी करने तथा टेलिकन्सल्टेशन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए. उन्होंने एएनएम, आशा और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सहयोग से सघन जांच अभियान चलाकर संभावित मरीजों की पहचान करने को कहा.
इसे भी पढ़ें : यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू, आवास पर चल रहा इलाज; प्रदेश में 685 केस से बढ़ी चिंता
मुख्यमंत्री ने सामान्य लक्षण वाले मरीजों को घर पर आराम और सेल्फ आइसोलेशन की सलाह देने तथा गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. बच्चों, गर्भवती महिलाओं, 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग काउंटर बनाने के भी निर्देश दिए गए.
रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों पर अनावश्यक दबाव न बढ़े, इसके लिए मरीजों की स्थिति के अनुसार रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. गंभीर लक्षण जैसे सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द, अत्यधिक सुस्ती, रक्तचाप कम होना, खून मिला बलगम या नाखूनों का नीला पड़ना वाले मरीजों को ही अस्पताल भेजा जाए और उनके लिए पर्याप्त आईसीयू व्यवस्था हो.
इसे भी पढ़ें : अस्पताल में भर्ती होने जा रहे हैं? पहले करवाना होगा यह टेस्ट, लखनऊ स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट
दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में ओसेल्टामिविर कैप्सूल-सिरप और एच1एन1 वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. जनपदीय चिकित्सालयों और चिकित्सा महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क, फ्लू ओपीडी, नमूना संग्रह, जांच, दवाएं और आइसोलेशन बेड की व्यवस्था है. आरटीपीसीआर किट भी पर्याप्त हैं. बैठक में एसजीपीजीआई निदेशक डॉ. आरके धीमान, केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने अपने संस्थानों में उपचार, टेस्टिंग और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी दी.



