लखनऊ. उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) के बढ़ते मामलों के बीच पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं. पिछले चार-पांच दिनों से तेज बुखार, सर्दी और जुकाम की शिकायत के बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है. फिलहाल मंत्री की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनके आधिकारिक आवास पर ही इलाज चल रहा है.

इसे भी पढ़ें- आगरा ट्रेन में मिले 18 टुकड़ों का खौफनाक राज खुला, 16 साल छोटे प्रेमी से अफेयर… पति-पत्नी ने मिलकर की हत्या!

हल्के लक्षण, घर पर ही आइसोलेशन

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह के मुताबिक, मंत्री में संक्रमण के लक्षण फिलहाल हल्के हैं. एहतियात के तौर पर उन्हें आवास पर ही आइसोलेट किया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है और इलाज जारी है.

यूपी में 685 तक पहुंचा स्वाइन फ्लू का आंकड़ा

मंत्री के संक्रमित होने के बीच प्रदेश में H1N1 के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 685 हो गए हैं. लखनऊ और आसपास के जिलों में मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं.

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के साथ जरूरी दवाओं, खासकर ओसल्टामिविर (टैमीफ्लू), की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है.

कैसे फैलता है H1N1, क्या हैं लक्षण?

स्वाइन फ्लू एक संक्रामक मौसमी इन्फ्लूएंजा है. संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों और संक्रमित सतहों के संपर्क से इसका संक्रमण फैल सकता है. इसके सामान्य लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर और मांसपेशियों में दर्द तथा अत्यधिक थकान शामिल हैं. कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट में आज होगा बड़ा फैसला! पहली बार नियुक्त होगा CEO, बैठक में इन पदों पर भी मंथन

बचाव के लिए डॉक्टरों ने दी ये सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने और हाथों को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करते रहने की अपील की है. बुखार, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर दूसरों से दूरी बनाए रखने और डॉक्टर से सलाह लेने की सलाह दी गई है. फिलहाल पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का इलाज आवास पर जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है. वहीं, प्रदेश में बढ़ते H1N1 मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और अस्पतालों की तैयारियां बढ़ाई जा रही हैं.