अयोध्या. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में आज पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है. ट्रस्ट के चेयरमैन महंत नृत्य गोपाल दास के आवास पर होने वाली बैठक में CEO के नाम पर चर्चा के साथ ट्रस्ट में खाली अन्य पदों पर नियुक्ति को लेकर भी मंथन किया जाएगा. CEO की नियुक्ति को मंदिर और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- ‘नाम बदलने से समस्या खत्म नहीं होती’, गोरखपुर में चंद्रशेखर आजाद का बड़ा हमला, बोले- शहर बदहाल…

महंत नृत्य गोपाल दास के आवास पर होगी बैठक

ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे. बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा ट्रस्ट के पहले CEO की नियुक्ति है. माना जा रहा है कि चर्चा पूरी होने के बाद आज ही नाम का ऐलान किया जा सकता है. इसके अलावा ट्रस्ट में रिक्त अन्य पदों के लिए संभावित नामों पर भी विचार किया जाएगा.

परमहंस आचार्य बोले- सकारात्मक कदम उठाए जा रहे

तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगत गुरु परमहंस आचार्य ने CEO की नियुक्ति का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम भगवान श्रीराम की पवित्र जन्मभूमि है और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्वों ने मंदिर में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर छोटी बात को बड़ा बनाने की कोशिश की, ताकि सनातन धर्म को बदनाम किया जा सके. उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में CEO के नाम की घोषणा हो सकती है.

इकबाल अंसारी बोले- श्रद्धालुओं को मिलनी चाहिए बेहतर सुविधाएं

बाबरी मस्जिद मामले के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने भी CEO की नियुक्ति को लेकर उम्मीद जताई. उन्होंने कहा कि अयोध्या एक पवित्र धार्मिक नगरी है और यहां भगवान राम के मंदिर में देशभर से श्रद्धालु आते हैं. ऐसे में शहर और मंदिर परिसर में उचित व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि नए CEO की नियुक्ति से कामकाज में सुधार और व्यवस्थाएं बेहतर होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Alert: 5 सितंबर तक झमाझम बरसेंगे बदरा, 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

पहली CEO नियुक्ति पर टिकी नजरें

राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है. ऐसे में मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज को अधिक व्यवस्थित करने के लिए CEO का पद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आज होने वाली बैठक में नियुक्ति पर अंतिम फैसला होता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. साथ ही खाली पदों पर होने वाली नियुक्तियों को लेकर भी बैठक अहम होगी.