लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है. जिसमें उन्होंने प्रदेश के युवाओं, उद्यमिता, कला, अन्नदाताओं के बारे में लिखा है. सीएम योगी ने पाती में लिखा कि ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने जा रहा है. उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक मंच मिले, हमारे कारीगरों, उद्यमियों और अन्नदाताओं की मेहनत को दुनिया पहचाने, इसी उद्देश्य से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन वर्ष 2023 में आरंभ किया गया था.’

सीएम ने आगे लिखा कि उत्तर प्रदेश की पहचान केवल बाजार और जनशक्ति नहीं, बल्कि यहां के युवाओं के कौशल, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों की प्रतिभा भी है. प्रदेश का युवा रोजगार पाने वाला नहीं, अपितु रोजगार देने वाला उद्यमी बने, इसी सोच के साथ सरकार ने युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं.

इसे भी पढ़ें : राहुल गांधी पर भड़के बृजभूषण शरण सिंह, बोले- मैं होता तो माइक छीन लेता…

योगी ने लिखा कि ‘मैं प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से आग्रह करता हूं कि इस अवसर का लाभ उठाएं. बड़ी संख्या में आएं, नए संपर्कों और नए बाजार को समझें और अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप नए अवसर तलाशें. आपके प्रयासों से स्थानीय सामर्थ्य वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा और इसी के बल पर हम वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए विकसित उत्तर प्रदेश के स्वप्न को साकार करेंगे.’