रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक बयानबाजी के जरिए देश की विरासत, संस्कृति और सम्मान को लगातार ठेस पहुंचा रहे हैं. सीएम योगी ने मनुस्मृति को लेकर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी पर जमकर निशाना साधा.
रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी भारत की विरासत पर सवाल उठाते हैं और उसे कोसने का काम करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से बाहर जाकर प्रदेश को बदनाम करते हैं, जबकि विदेश की धरती पर जाकर देश का अपमान करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं से जिम्मेदार और संयमित आचरण की अपेक्षा की जाती है, लेकिन राहुल गांधी इसके विपरीत बयान देकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं.
इसे भी पढ़ें : योगी के निशाने पर राहुल : रायबरेली में कहा- देश को आपसे अपेक्षा नहीं पर, नेता प्रतिपक्ष के रूप में जवाबदेही जरूरी
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर देशविरोधी तत्वों को प्रोत्साहित करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी को देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन वे अपने बयानों से ऐसे लोगों को बल देते हैं जो भारत के हितों के खिलाफ काम करते हैं.
मनुस्मृति संबंधी टिप्पणी पर भी हमला
मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ क्यों कर रहे हैं और देश की विरासत से क्यों खेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को राजनीतिक विवाद का विषय बनाकर जनता को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए. सीएम योगी ने कहा कि भारत की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और हजारों वर्षों पुरानी विरासत से बनी है. ऐसे में किसी भी राजनीतिक नेता को इस विरासत का अपमान करने के बजाय उसके सकारात्मक पक्ष को समझने और देश के विकास में योगदान देने का प्रयास करना चाहिए.

