सुमन राजपूत ,करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के शेखुपुरा मंचुरी गांव के रहने वाले युवक सुपनदीप सिंह की अमेरिका के कैलिफोर्निया में संदिग्ध हार्ट अटैक से मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है। परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से शव को भारत लाने में सहायता की मांग की है।
परिवार के अनुसार, सुपनदीप सिंह अमेरिका में एक स्टोर पर नाइट शिफ्ट में काम करता था। मंगलवार को उसकी अपनी मां जसबीर कौर से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने बताया था कि ड्यूटी खत्म कर वह कमरे पर पहुंच गया है, खाना खा चुका है और अब आराम करेगा। उसने अगले दिन फिर बात करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ घंटों बाद ही परिवार को उसकी मौत की सूचना मिल गई।
कमरे में मिला अचेत अवस्था में
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय जब उसके दोस्त कमरे पर पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर सुपनदीप अचेत अवस्था में पड़ा मिला और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सुपनदीप अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता गुरबाज सिंह का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी एक बहन, बुजुर्ग दादा-दादी और मां हैं। बेटे की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

डंकी रूट के जरिए गया था अमेरिका
परिजनों ने बताया कि बेहतर भविष्य की उम्मीद में परिवार ने करीब दो एकड़ जमीन बेचकर सुपनदीप को विदेश भेजा था। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह पहले कनाडा गया, लेकिन वहां रोजगार के बेहतर अवसर नहीं मिलने पर वह डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा और वहीं काम कर रहा था।
अब परिवार की सबसे बड़ी चिंता बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाने की है। परिजनों ने सरकार और भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई है ताकि सुपनदीप का अंतिम संस्कार अपने पैतृक गांव में किया जा सके।

