कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में एक महिला को मिलने के बहाने बुलाकर उसके ही दोस्त ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने महिला और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद रखा। लेकिन जब आरोपी की हिम्मत और बढ़ी और वह जबरन महिला के घर में घुसकर उसे ले जाने लगा, तब यह पूरा मामला खुला। घटना बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के भदावर होटल की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मंदिर में बहला-फुसलाकर ले गया होटल

दरअसल, जनकगंज स्थित लक्ष्मीगंज की रहने वाली 27 साल की महिला की दोस्ती उसके पड़ोस में रहने वाले विशाल चौरसिया से थी। इसी साल 3 मार्च को विशाल ने महिला को नाग देवता मंदिर पर मिलने के लिए बुलाया। महिला जब वहां पहुंची, तो आरोपी विशाल उसे बहला-फुसलाकर भदावर होटल ले गया।होटल के कमरे में आरोपी ने महिला के साथ गलत काम करने की कोशिश की। 

बच्चों को मारने की धमकी देकर महिला से की दरिंदगी

जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी विशाल ने महिला और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। बदनामी और बच्चों की जान के डर से महिला सहम गई और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज के डर से पीड़ित महिला कई दिनों तक चुप रही। लेकिन आरोपी की प्रताड़ना यहीं खत्म नहीं हुई। 

घर में घुसकर पति को छोड़कर साथ चलने का बनाने लगा दबाव

बीती 19 मई की सुबह आरोपी विशाल जबरन महिला के घर में घुस गया और उस पर अपने पति को छोड़कर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। इसी दौरान महिला का पति अचानक घर पहुँच गया। पति को देखते ही आरोपी विशाल मौके से धमकी देते हुए भाग निकला। इसके बाद सहमी हुई पत्नी ने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई। परेशान होकर पीड़ित दंपत्ति बहोड़ापुर थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 

 ग्वालियर ASP जयराज कुबेर ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज कर आरोपी विशाल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के साथ आगे कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m