फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के राजीव कॉलोनी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घर की छत पर सो रहे एक युवक को अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले बल्लभगढ़ के बादशाह खान सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
16 दिन पहले ही आया था बल्लभगढ़
घायल युवक की पहचान विपिन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी का रहने वाला है। वह करीब 16 दिन पहले ही परिवार के साथ बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी में किराये पर रहने आया था। विपिन पानी की गाड़ी चलाने का काम करता है। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है।
छत पर सोते समय हुई फायरिंग
जानकारी के अनुसार, विपिन रात को अपने घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उस पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हमले की वजह अब भी रहस्य
पुलिस के अनुसार, फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मकान मालिक के पास युवक का आधार कार्ड तक उपलब्ध नहीं है और घर में कोई फोटो भी नहीं मिला है। घायल की पत्नी उसके साथ इलाज के लिए दिल्ली गई हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, सफदरजंग अस्पताल में घायल युवक का इलाज जारी है।

