लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। गुण्डरदेही के रामसागर तालाब में एक युवक के डूबने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो तालाब में युवक को निश्चल पड़ा देख उसे मृत समझ बैठे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जैसे ही पुलिसकर्मी उसे बाहर निकालने के लिए पानी में उतरे, तो युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। बाद में पता चला कि युवक शराब के नशे में था।

दरअसल, सोमवार को नगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड क्रमांक-3 स्थित रामसागर तालाब में एक युवक के पानी में पड़े होने की सूचना तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक लंबे समय तक पानी में एक ही जगह पड़ा दिखाई देने के कारण लोगों ने उसे मृत समझ लिया, लेकिन किसी ने भी पानी में उतरकर उसे बाहर निकालने का साहस नहीं किया।

इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर बाहर निकालना चाहा, वह अचानक उठ बैठा। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
नशे में था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, निवासी गुण्डरदेही के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह शराब के नशे में था। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

घटना के दौरान युवक के डूबने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक वास्तव में कितनी देर तक पानी में था, वह डूब रहा था या नशे की हालत में पानी में पड़ा हुआ था। इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच का इंतजार है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक तालाब में एक ही स्थान पर दिखाई दे रहा था, जिससे लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई और सूचना तेजी से फैल गई। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की है तथा मामले की जांच जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

