Bihar Crime: बिहार के किशनगंज जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोचाधामन इलाके में सऊदी अरब से करीब डेढ़ साल बाद घर लौटे युवक की उसी दिन हत्या कर दी गई। पहले इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में मामला साजिशन हत्या का निकला। इस मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका कथित प्रेमी अभी फरार है।
मृतक की पहचान एहसान रजा के रूप में हुई है। वह सऊदी अरब में काम करता था और 5 मार्च को ही अपने घर लौटा था। परिवार में उसकी वापसी की खुशी थी, लेकिन शाम होते-होते यह खुशी मातम में बदल गई। रौटा थाना क्षेत्र में मलहारा मदरसा के पास सड़क किनारे एक पुलिया के नीचे उसका शव मिला।
शुरुआत में लोगों को लगा कि किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है, लेकिन पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक्सीडेंट के कोई साफ निशान नहीं मिले। वहीं शव की जांच में सिर के पीछे गहरी चोट दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा और जांच का दायरा बढ़ाया गया।
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी शमरीन ताज से पूछताछ की। मेडिकल जांच में पता चला कि वह करीब दो महीने की गर्भवती है, जबकि उसका पति पिछले 18 महीने से विदेश में था। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि मामला अवैध संबंध से जुड़ा हो सकता है।
कड़ी पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका अपने चचेरे भाई सिराज अंजुम से पहले से प्रेम संबंध था। पति के विदेश जाने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां फिर बढ़ गईं और इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उन्हें पता चला कि एहसान घर लौटने वाला है, तो दोनों को राज खुलने का डर सताने लगा।
पुलिस के मुताबिक इसी डर में दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। घर लौटने के बाद पत्नी ने एहसान को इफ्तार के बहाने मायके बुलाया। वह बाइक से ससुराल के लिए निकला, तभी रास्ते में पहले से मौजूद सिराज ने उस पर हमला कर दिया। हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसे जैसा लगे।
पुलिस ने आरोपी पत्नी शमरीन ताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी सिराज अंजुम की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

