० फरीदाबाद के भारत कॉलोनी की घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह होगी स्पष्ट
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां व्रत खोलने के लिए एक फ्रूटी पी और उसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भारत कॉलोनी स्थित हनुमान नगर निवासी 33 वर्षीय अंकुश ने शुक्रवार रात व्रत खोला था। परिजनों का आरोप है कि व्रत खोलने के लिए पेय पदार्थ पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे उल्टियां शुरू हो गईं और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी।
अस्पतालों के चक्कर में बिगड़ती गई हालत
अंकुश की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया। बीके अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजने की सलाह दी गई।
हालांकि परिजन उसे दिल्ली ले जाने के बजाय फरीदाबाद के ही एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई तथा उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
थाना खेड़ी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

