सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुरानी रंजिश में युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ शैतानी निवासी पलवल हाल निवासी हंस एंक्लेव नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 16 मार्च 2026 को पीड़ित अपने रिश्तेदार के साथ इस्लामपुर से लौट रहा था। तभी हीरो होंडा चौक के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया।
आरोपियों ने युवक को डीपीजी कॉलेज के पीछे सुनसान इलाके में ले जाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और गंभीर हालत में बेसुध छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद थाना सदर गुरुग्राम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप उर्फ शैतानी को राजीव चौक के पास हंस एंक्लेव क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया था। मामले में आरोपी निखिल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

