सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गजराबहरा कोलयार्ड में एक युवक अपनी नौकरी दोबारा पाने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही कोलयार्ड परिसर और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
नशे में वाहन चलाने पर कंपनी ने निकाला था
मिली जानकारी के अनुसार, युवक पहले इसी कंपनी में पीसी (PC) वाहन चालक (ड्राइवर) के रूप में पदस्थ था। कुछ समय पहले कंपनी प्रबंधन ने उस पर शराब पीकर वाहन चलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए नौकरी से निष्कासित कर दिया था। नौकरी जाने के बाद से युवक आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान था। अपनी इसी नौकरी को वापस पाने की जिद में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घंटों चला समझाइश का दौर
घटना की भनक लगते ही कंपनी प्रबंधन के आला अधिकारी, सरई थाना प्रभारी और प्रशासनिक टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। तहसीलदार (खनुआनय) खास की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक से बातचीत की और उसे लगातार सुरक्षित नीचे आने की समझाइश दी। टावर के नीचे भारी संख्या में स्थानीय लोगों और मीडिया कर्मियों की भीड़ जमा हो गई थी। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आश्वासन पर युवक शांत हुआ और सूझबूझ से टावर से नीचे उतर आया। युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।

