अजय सैनी ,भिवानी। बढ़ती महंगाई को लेकर हरियाणा में सियासत तेज हो गई है। भिवानी में युवा कांग्रेस नेत्री एडवोकेट मुकेश ढ़ाणीमाहु ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है।
नेत्री ने कहा कि सब्जियों के दामों में आग लगी हुई है, जिससे आम जनता की थाली से जरूरी सब्जियां धीरे-धीरे गायब होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “अच्छे दिनों” के वादे के बावजूद आम लोग दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने में भी परेशान हैं और सबसे ज्यादा असर गृहणियों पर पड़ रहा है, जिनका घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
उन्होंने दावा किया कि बाजार में टमाटर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, खीरा 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है और प्याज भी 30 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गया है। उनका कहना है कि कई सब्जियां अब 40 रुपये प्रति किलो से ऊपर बिक रही हैं, जिससे आम परिवारों के लिए सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया है।
मुकेश ढ़ाणीमाहु ने कहा कि महंगाई के कारण अब मध्यमवर्गीय परिवार भी पाव में सब्जी खरीदने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियां असफल साबित हो रही हैं और बाजार पर नियंत्रण नहीं होने का सीधा असर जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि फलों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं, जिससे आम आदमी के लिए संतुलित आहार लेना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के हितों पर ध्यान दे रही है, जबकि गरीब और मजदूर वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर सब्जियों और खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा।

