केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा आपातकाल को लेकर दिए गए बयान पर हरियाणा की सियासत गरमा गई है। युवा कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एडवोकेट मुकेश ढाणीमाहु ने इस टिप्पणी को दिवंगत राष्ट्रनायकों का घोर अपमान बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

अजय सैनी, भिवानी। इमरजेंसी पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा दिए गए एक हालिया बयान ने देश और विशेषकर हरियाणा की सियासत में भारी उबाल ला दिया है। मनोहर लाल के इस तल्ख बयान के बाद कांग्रेस पूरी तरह हमलावर मोड में आ गई है। युवा कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और प्रखर वक्ता एडवोकेट मुकेश ढ़ाणीमाहु ने केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर बेहद तीखी और रोषात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस बयान को दिवंगत राष्ट्रनायकों का घोर अपमान और भाजपा की ओछी मानसिकता का परिचायक करार दिया है। युवा कांग्रेस नेत्री मुकेश ढ़ाणीमाहु ने कड़े शब्दों में ऐतराज जताते हुए कहा कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री इस समय पूरी तरह सत्ता के नशे में चूर हैं और इसी अहंकार के कारण वे राजनीतिक मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं।

दिवंगत राष्ट्रनायकों का घोर अपमान

मुकेश ढ़ाणीमाहु ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले दिवंगत नेताओं के लिए दलाल जैसे बेहद अमर्यादित और ओछे शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद निंदनीय है, जिसकी जितने कम शब्दों में आलोचना की जाए, वह कम है। एडवोकेट मुकेश ढ़ाणीमाहु ने इन नेताओं के ऐतिहासिक कद को याद दिलाते हुए कहा कि आधुनिक भारत और प्रगतिशील हरियाणा के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी बंसीलाल का जो अद्वितीय योगदान रहा है, उसे इतिहास के पन्नों से कभी मिटाया नहीं जा सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. बंसीलाल को हरियाणा निर्माता कहा जाता है, जिन्होंने हरियाणा प्रदेश की तरक्की में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

तोशाम की जनता देगी जवाब

ऐसी महान दिवंगत आत्माओं के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना न केवल राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि भाजपा की हताशा और बौखलाहट को साफ दर्शाता है। कांग्रेस नेत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मनोहर लाल के इस गैर-जिम्मेदाराना बयान से न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है, बल्कि आम जनता की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है। हरियाणा विशेषकर तोशाम की जनता अपने प्रिय और दिवंगत नेता स्व. चौ. बंसीलाल के प्रति इस तरह की अभद्र टिप्पणी को कभी स्वीकार नहीं करेगी। मुकेश ढ़ाणीमाहु ने हुंकार भरते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है। इस तरह के अमर्यादित बयानों और अपमान का बदला हरियाणा विशेषकर तोशाम के लोग बहुत जल्द लेंगे। समय आने पर इस अहंकारी सरकार और ऐसी अभद्र टिप्पणी करने वाले नेताओं को जनता मुंहतोड़ जवाब देने का काम करेगी।