Chhapra Road Accident: छपरा में आज रविवार को हुए एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मुफ्स्सिल थाना क्षेत्र के नैरी बाजितपुर इलाके की है, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाजितपुर गांव निवासी दीपक कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने उसे गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों में मची चीख-पुकार

युवक के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक दीपक घरेलू सामान की खरीद करने के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान पर जाने के लिए निकला था। इस दौरान वह सड़क पार कर ही रहा था की छपरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और ग्रामीणों ने तत्काल दीपक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार और स्थानीय लोग उसे लेकर छपरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में ही चीख-पुकार मच गई।

आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दीपक के शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल पर भी पहुंची, जहां स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने वाहन और आरोपी चालक की पहचान और धर पकड़ के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुट गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- रविवार की छुट्टी बनी काल! नहाने के दौरान अवैध गड्ढे में तीन किशोर डूबे, दो की मौत