सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर निगम वार्ड नंबर-8 निवासी शिवनाथ महतो के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक शिवनाथ महतो चापाकल मिस्त्री का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
खुले तार की चपेट में आने से मौत
घटना के समय मृतक शख्स भैंस बांधने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान वे बिजली विभाग के खुले और जर्जर बिजली तार की चपेट में आ गए। इस दौरान करंट लगने से मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, इलाके के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सरकार और बिजली विभाग से आर्थिक सहायता की मांग
मृतक के भाई भोला महतो ने सरकार और बिजली विभाग से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि शिवनाथ महतो की चार बेटियां हैं, जिनकी शादी अभी नहीं हुई है। वहीं वार्ड पार्षद संतोष पासवान ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम की बैठकों में कई बार जर्जर तार हटाने और नए पोल लगाने की मांग की गई, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- वीडियो कॉल पर पति का झूलता शव देख पत्नी ने भी लगाई फांसी, 8 महीने पहले धूमधाम से हुई थी शादी


